साय सरकार का बड़ा फैसला: 5000 शिक्षकों की होगी भर्ती, कांग्रेस बोली- ‘ऊंट के मुंह में जीरा’
रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की राह देख रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। प्रदेश की साय सरकार ने 5000 शिक्षकों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में भाजपा ने आधिकारिक पोस्टर जारी किया है, जिसमें लिखा गया है कि “विष्णुदेव सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बना रही है,” जिससे प्रदेश का शैक्षणिक ढांचा और मजबूत होगा।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बयान
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “हम बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास पर ध्यान देंगे और इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।”
कांग्रेस ने उठाए सवाल, कहा- ऊंट के मुंह में जीरा
शिक्षक भर्ती के ऐलान के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस भर्ती को अपर्याप्त बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि “प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। 10,461 स्कूल बंद हो चुके हैं और 58,000 पद खाली हैं। विधानसभा में 35,000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा हुई थी, ऐसे में 5000 पद ऊंट के मुंह में जीरा जैसे हैं।”
प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही विष्णु सरकार
5000 पदों पर शिक्षकों की भर्ती हुई स्वीकृत। pic.twitter.com/gJJ5vhHk1b
— BJP Chhattisgarh (@BJP4CGState) October 25, 2025
