Chhattisgarh Dhan Kharidi Last Date: धान खरीदी की तारीख बढ़ेगी या नहीं? 31 जनवरी के बाद भी मिल सकता है मौका, कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कही बड़ी बात

Chhattisgarh Dhan Bonus 2025

Chhattisgarh Dhan Bonus 2025

Chhattisgarh Dhan Kharidi Last Date: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सरकार की तय समय-सीमा के अनुसार प्रदेश में 31 जनवरी 2026 तक किसानों से धान खरीदी की जानी है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं, जो किसी न किसी कारण से अपना धान नहीं बेच पाए हैं। ऐसे में धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

इसी बीच इस मुद्दे पर सियासत भी गर्म है। कांग्रेस लगातार सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तारीख बढ़ाने की मांग कर रही है। वहीं सरकार की ओर से संकेत दिए गए हैं कि किसानों के हित में हर जरूरी फैसला लिया जाएगा।

किसानों के हित में होगा फैसला

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कई इलाकों से धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग सामने आ रही है। कुछ स्थानों पर टोकन नहीं कट पाए हैं, तो कहीं खरीदी पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा इस संबंध में पत्र भेजा गया है और आज वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करेंगे।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित को प्राथमिकता देते हुए सरकार अंतिम निर्णय लेगी। उनके बयान से यह संकेत मिल रहे हैं कि जरूरत पड़ने पर धान खरीदी की तारीख बढ़ाई जा सकती है।

सहकारिता मंत्री ने जताई अलग राय

वहीं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बीते दिनों मीडिया से बातचीत में कहा था कि यदि आवश्यकता हुई तो धान खरीदी की तारीख बढ़ाई जा सकती है, लेकिन फिलहाल ऐसी स्थिति नजर नहीं आ रही है। उन्होंने संकेत दिए कि सरकार 31 जनवरी तक की स्थिति का आकलन करने के बाद ही कोई फैसला लेगी। इससे साफ है कि फिलहाल सरकार तारीख बढ़ाने को लेकर सतर्क रुख अपनाए हुए है।

अवैध धान पर सख्त कार्रवाई

धान खरीदी के आंकड़ों में कमी को लेकर उठ रहे सवालों पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस बार सिर्फ वास्तविक किसानों का ही धान खरीदा जा रहा है। पहले सीमावर्ती जिलों से अवैध धान की आवक होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने बिचौलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। धान खरीदी के दौरान हजारों क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई भी की गई है।

रिकॉर्ड खरीदी और भुगतान

प्रशासन द्वारा 13 जनवरी 2026 को जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक प्रदेश में 17 लाख 77 हजार 419 किसानों से 105.14 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके बदले किसानों को ₹23,448 करोड़ की रिकॉर्ड राशि का भुगतान किया गया है। यह आंकड़ा अब तक के सभी वर्षों की तुलना में 13 जनवरी तक की सबसे अधिक धान खरीदी और सबसे बड़ा भुगतान माना जा रहा है।

Youthwings