Morning News : सीएम साय के आज के कार्यक्रम, राजधानी में 32 टंकियों में नहीं आएगा पानी, मारा गया 1 करोड़ का नक्सली कमांडर

Morning News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में ही रहेंगे। शाम 4:50 बजे वे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे और यहां आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 7:00 बजे सीएम कार्टून फेस्टिवल 2025 के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

32 टंकियों में शनिवार को नहीं आएगा पानी

राजधानी के करीब 32 पानी टंकियों में शनिवार को जलापूर्ति नहीं होगी। नगर निगम जल कार्य विभाग 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट की रॉ वॉटर राइजिंग पाइपलाइन में भाटागांव चौक के पास हो रहे लीकेज की मरम्मत करेगा। आज शाम तक सामान्य आपूर्ति के बाद शटडाउन रहेगा। अनुमान है कि इससे लगभग 5 लाख लोग प्रभावित होंगे। कल सुबह जलापूर्ति बंद रहेगी, लेकिन कल शाम से पानी की सप्लाई नियमित रूप से बहाल कर दी जाएगी।

सेवा पखवाड़ा को लेकर बीजेपी कार्यशाला संपन्न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा की कार्यशाला का समापन हुआ। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यशाला में बताया गया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता अभियान और प्रबुद्धजनों का सम्मान जैसे कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के लिए बूथ स्तर से जिला स्तर तक टीमें बनाई गई हैं।

बड़ा नक्सल ऑपरेशन, 10 नक्सली ढेर

गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। ऑपरेशन में अब तक 10 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में नक्सलियों की सीसी कमेटी का सदस्य और 1 करोड़ रुपये का इनामी मनोज मोडेम उर्फ बालकृष्ण शामिल है। इसके अलावा उड़ीसा कमेटी का 25 लाख का इनामी नक्सली प्रमोद भी ढेर हुआ है। एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा की संयुक्त टीम इस ऑपरेशन में शामिल है। मौके से एके-47 जैसे ऑटोमेटिक हथियारों का बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया है। कुल्हाड़ीघाट के भालू डिग्गी मटला के पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

Youthwings