सीएम विष्णुदेव साय के विदेश दौरे का दूसरा दिन, कृषि मंत्री के आवास में होगा पोरा तिहार का आयोजन, अमित शाह ने कांग्रेस के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को बताया नक्सली समर्थक
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे का आज दूसरा दिन है। उन्होंने कल टोक्यो से अपने जापान दौरे की शुरुआत की। ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में पूजा-अर्चना कर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने एनटीटी लिमिटेड की सीईओ कायो इतो से मुलाकात की और आईटी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में डिजिटल इकोसिस्टम और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री साय जापान में भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल हुए, जहां इंडो-पैसिफिक देशों के बीच उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। जापानी तकनीक और भारतीय जनशक्ति के सहयोग से छत्तीसगढ़ को औद्योगिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के आवास में होगा पोरा तिहार का आयोजन
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर स्थित कृषि मंत्री रामविचार नेताम के शासकीय आवास परिसर में आज पोरा तिहार का भव्य आयोजन होगा। सुबह से ही कार्यक्रम की शुरुआत होगी और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर सरकार के सभी मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और आम जनता शामिल होंगे। पारंपरिक रंग-रूप में आयोजित यह पर्व सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनेगा।
आज से शुरू होगा बुनकर प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अधिवेशन
रायपुर। राजधानी रायपुर के जैनम भवन में आज से दो दिवसीय बुनकर प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हो रहा है। 23 और 24 अगस्त तक आयोजित इस अधिवेशन में देशभर के बुनकर प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अमित शाह का कांग्रेस पर हमला
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक इंटरव्यू साझा किया है। इसमें शाह ने कांग्रेस के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सुर्दशन रेड्डी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है जिसने नक्सलवाद का समर्थन किया और सलवा जुडूम मामले में ऐसा फैसला दिया जिससे वामपंथी उग्रवाद को बढ़ावा मिला। शाह का कहना था कि यदि यह फैसला नहीं होता तो 2020 तक नक्सलवाद खत्म हो सकता था। उन्होंने कांग्रेस पर नक्सली दबाव में निर्णय लेने का आरोप भी लगाया।
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में अलर्ट
रायपुर। राजधानी रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर सहित कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है, जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर और सूरजपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी रायपुर में भी आज बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।
त्योहारी सीजन में रेलवे की बड़ी राहत – पूजा और तीजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रायपुर। दुर्गा पूजा और तीजा पर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दुर्गा पूजा के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) और शालीमार के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी और रास्ते में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
इसके अलावा महिलाओं की सुविधा के लिए 2 जोड़ी तीजा फेस्टिवल फास्ट मेमू ट्रेनें चलाई जाएंगी। रायपुर-अनूपपुर और रायपुर-ताड़ोकी मार्ग पर यह ट्रेनें 24 से 29 अगस्त तक चलेंगी। वहीं, दुर्ग-निजामुद्दीन के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी 5 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगी। यात्रियों को सभी श्रेणी की सुविधा के साथ 20 एलएचबी कोच उपलब्ध कराए जाएंगे।
