Chhattisgarh Class 5th and 8th Exam: 16 मार्च से 5वीं और 17 मार्च से 8वीं की परीक्षा, लेकिन नहीं होगा फेल का डर, जानिए क्या है पूरी खबर

Chhattisgarh Class 5th and 8th Exam: छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षा को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। इस साल से आयोजित की जा रही केंद्रीकृत परीक्षा में किसी भी छात्र को सीधे तौर पर फेल नहीं किया जाएगा। यदि कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाता है, तो उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा का अवसर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, यदि छात्र सप्लीमेंट्री में भी सफल नहीं होता है, तब भी उसे अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग के इस निर्णय को छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का मूल्यांकन करना है, न कि उन्हें असफल घोषित कर पढ़ाई से हतोत्साहित करना। इस फैसले के साथ परीक्षा व्यवस्था में लचीलापन लाने की कोशिश की गई है।

इस बीच 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षा का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से शुरू होगी, जबकि कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से प्रारंभ होंगी।

गौरतलब है कि इस शैक्षणिक सत्र से छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा प्रणाली लागू की गई है। साय कैबिनेट के निर्णय के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए थे। प्रदेश के सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक आदेश भेजे गए हैं।

विभाग का मानना है कि केंद्रीकृत परीक्षा से शिक्षा की गुणवत्ता का बेहतर आकलन किया जा सकेगा। साथ ही, सप्लीमेंट्री परीक्षा और अगली कक्षा में प्रवेश की व्यवस्था से बच्चों के शैक्षणिक भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।

Youthwings