Chhattisgarh LPG supply : छत्तीसगढ़ में कमर्शियल LPG आपूर्ति पर नई सीमा, अब 20 प्रतिशत तक ही मिलेगा गैस
रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ सरकार ने कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। इसके तहत संस्थानों और प्रतिष्ठानों को पिछले महीने की कुल खपत के अधिकतम 20 प्रतिशत तक ही एलपीजी दिया जाएगा।
साथ ही शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के भीतर एलपीजी रिफिल की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके।
यह निर्णय खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले की अध्यक्षता में ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में एलपीजी की उपलब्धता और वितरण प्रणाली को लेकर कई अहम फैसले किए गए।
जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी एलपीजी वितरकों के कार्यालय और गोदामों में पुलिस और होमगार्ड के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। वितरकों को अपने फोन नंबर सक्रिय रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए भी कहा गया है।
उपलब्ध स्टॉक के आधार पर प्राथमिकता श्रेणियां तय की गई हैं। इनमें शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, सैन्य और अर्द्धसैन्य कैंप, जेल, होटल, समाज कल्याण संस्थान, रेलवे और एयरपोर्ट कैंटीन, सरकारी कार्यालय, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट शामिल हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कमर्शियल एलपीजी स्टॉक और वितरण की दैनिक समीक्षा ऑयल कंपनियां करेंगी और इसकी रिपोर्ट विभाग को नियमित रूप से दी जाएगी।
