छग विधानसभा शीतकालीन सत्र: APL से BPL राशनकार्ड पर घमासान , सड़क और शिक्षा पर भी सवाल जवाब

छग विधानसभा शीतकालीन सत्र

छग विधानसभा शीतकालीन सत्र

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रश्नकाल और शून्यकाल के दौरान राशनकार्ड परिवर्तन, भ्रष्टाचार के आरोप, सड़क मरम्मत, धार्मिक भूमि बिक्री और शिक्षा से जुड़े विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

APL से BPL राशनकार्ड परिवर्तन पर विवाद

सदन में APL राशनकार्ड को BPL में बदलने के मुद्दे पर जोरदार बहस हुई। BJP विधायक सुशांत शुक्ला ने सवाल उठाते हुए पूछा कि कितने APL राशनकार्ड BPL में परिवर्तित किए गए हैं।

इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने जानकारी दी कि कुल 19 राशनकार्ड के परिवर्तन की जांच की गई है। इनमें से 15 मामलों में हितग्राहियों की सहमति ली गई, जबकि 4 कार्ड जोन कमिश्नर की अनुशंसा पर बनाए गए हैं।

भ्रष्टाचार संरक्षण के आरोप, SIR की मांग

सुशांत शुक्ला ने आरोप लगाया कि राशनकार्ड परिवर्तन में भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में राशनकार्ड के लिए SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की आवश्यकता है।

उन्होंने इस विषय पर आधे घंटे की चर्चा कराने की मांग की, जिसका समर्थन विधायक धर्मजीत सिंह ने भी किया। धर्मजीत सिंह ने APL से BPL में परिवर्तन को गंभीर मामला बताते हुए विधायकों की समिति से जांच कराने की बात कही।

सुशांत शुक्ला ने मामले की जांच के लिए विधानसभा की हाईपावर कमेटी गठित करने की मांग रखी। वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि मंत्री सही हैं, लेकिन अधिकारी गलत जवाब दिलवा रहे हैं।

जैतू साव मठ की जमीन बिक्री का मामला उठा

सदन में जैतू साव मठ की जमीन बिक्री का मुद्दा भी गूंजा। BJP विधायक मोतीलाल साहू ने सवाल किया कि जमीन की बिक्री किसकी अनुमति से और किसे की गई।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस विषय पर बाद में विस्तृत जानकारी देने की बात कही। यह मुद्दा BJP विधायक इंद्र साव के प्रश्न के दौरान उठा था। आसंदी ने मोतीलाल साहू को निर्देश दिया कि वे विस्तृत जानकारी के साथ प्रश्न प्रस्तुत करें।

read more : बेरोजगारी भत्ता देने को लेकर सदन में बवाल : संतोषजनक जवाब न मिलने पर विपक्ष ने किया वॉकआउट

पीएम-सीएम सड़क योजना पर चर्चा

प्रश्नकाल के दौरान डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल ने पीएम-सीएम सड़क योजना की जानकारी मांगी। इस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 48 सड़कें मरम्मत योग्य हैं।

विधायक ने प्रक्रियाधीन सड़कों की जांच कार्यकर्ताओं से कराने की मांग की, जिस पर स्पीकर रमन सिंह ने कहा कि जांच अधिकारियों से कराई जाएगी, कार्यकर्ताओं से नहीं। डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया कि दिसंबर तक सड़क मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा।

GPM जिले में उच्च शिक्षण संस्थानों का मुद्दा

भाजपा विधायक प्रणब कुमार मरपच्ची ने प्रश्नकाल में GPM जिले में उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि जिले में वर्तमान में 4 शिक्षण संस्थान संचालित हैं और फिलहाल कोई नया संस्थान प्रस्तावित नहीं है।

कॉलेजों में सुविधाओं की कमी होगी दूर

विधायक प्रणब कुमार मरपच्ची ने कॉलेजों में कमरों और शौचालयों की कमी का मुद्दा भी उठाया। मंत्री टंकराम वर्मा ने घोषणा की कि कॉलेजों में कक्षाओं और शौचालयों की कमी को जल्द पूरा किया जाएगा।

 

Youthwings