छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र: 14 से शुरू , 628 सवालों से गरमाएगा सदन, शनिवार-रविवार की छुट्टियां रद्द

छत्तीसगढ़ विधानसभा

छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा। नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सत्र के लिए विधायकों ने कुल 628 सवाल लगाए हैं, जिनमें 604 ऑनलाइन और 24 ऑफलाइन सवाल शामिल हैं। माना जा रहा है कि कानून व्यवस्था, धान खरीदी, सड़क सुधार, राशन वितरण जैसी मुद्दों पर सदन में तीखी चर्चा देखने को मिलेगी।

शनिवार और रविवार की छुट्टियाँ रद्द:

विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए इस बार शनिवार और रविवार की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं। निर्देश जारी किए गए हैं कि सत्र के दौरान विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए कहा है कि प्रश्नों के उत्तर समय पर तैयार करने के लिए कार्यालयों को वीकेंड पर भी खोला जाए।

पहले दिन होगा “छत्तीसगढ़ विजन 2047” पर विशेष विमर्श

14 दिसंबर, रविवार को सत्र की शुरुआत छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर विस्तृत चर्चा के साथ होगी। पहले दिन प्रश्नकाल नहीं रखा गया है। सोमवार से बुधवार तक प्रश्नकाल सहित सभी नियमित कार्यवाही और सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा होगी।

9 दिसंबर से दे सकेंगे ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव

सचिवालय के अनुसार, सत्र से पूर्व 9 दिसंबर से सत्र शुरू होने के दिन सुबह 8 बजे तक ध्यानाकर्षण सूचना, स्थगन की सूचना, नियम 267 क के तहत प्रस्ताव दिए जा सकेंगे। प्रति सदस्य रोज अधिकतम 2 ध्यानाकर्षण और 1 स्थगन प्रस्ताव स्वीकार किए जाएंगे। तीन दिन की कार्यवाही के लिए किसी भी विधायक के अधिकतम 6 ध्यानाकर्षण और 3 स्थगन प्रस्ताव मान्य होंगे।

नई विधानसभा में होगा पूरा सत्र, बैठक व्यवस्था तय

इस बार शीतकालीन सत्र पूरी तरह नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा। 18 नवंबर को पुराने विधानसभा में शुरू हुए सत्र को आगे बढ़ाते हुए शेष कार्यवाही नए भवन में करने का निर्णय लिया गया है। बैठक व्यवस्था और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार रहेंगी।

पुराने विधानसभा भवन की शिफ्टिंग अंतिम चरण में

नया भवन पूरी तरह तैयार होने के बाद, पुराने विधानसभा से फाइलें, दस्तावेज, फर्नीचर, तकनीकी सामग्री की शिफ्टिंग शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है, ताकि सत्र शुरू होने से पहले नया भवन पूरी तरह संचालन के लिए तैयार हो सके।

read more: छत्तीसगढ़ विधानसभा: 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र, नए भवन में होगी पहली कार्यवाही

 

Youthwings