Chhattisgarh Assembly Monsoon Session 2nd Day: एंबुलेंस की कमी, रेडी टू ईट और घुसपैठ जैसे अहम मुद्दों पर गरमाएगा सदन

Chhattisgarh Assembly Monsoon Session 2nd Day

Chhattisgarh Assembly Monsoon Session 2nd Day

Chhattisgarh Assembly Monsoon Session 2nd Day: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू हो चुका है और आज सत्र का दूसरा दिन है। सत्र की शुरुआत आज भी प्रश्नकाल से होगी, लेकिन कल की तरह आज भी सदन का माहौल हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस और तीखे सवाल-जवाब देखने को मिल सकते हैं।

वित्त मंत्री रखेंगे कर संशोधन विधेयक

आज सदन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ‘छत्तीसगढ़ बकाया कर ब्याज एवं शास्ति निपटान संशोधन विधेयक’ को सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री रामविचार नेताम और केदार कश्यप भी विभिन्न सरकारी पत्र और दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे।

चार ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर होगी चर्चा

सत्र के दूसरे दिन कुल चार ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए गए हैं, जो विधानसभा की कार्यवाही को गरमा सकते हैं। इन प्रस्तावों के माध्यम से विधायक राज्य की ज्वलंत समस्याओं को सदन के समक्ष रखेंगे।

एंबुलेंस की कमी से लेकर रेडी टू ईट तक उठेंगे सवाल

  • विधायक राजेश अग्रवाल राज्य में एंबुलेंस की कमी का मुद्दा सदन में उठाएंगे।

  • नेता प्रतिपक्ष राज्य सरकार की रेडी टू ईट योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरेंगे।

  • विधायक शेषराज हरवंश अवैध शिकार के बढ़ते मामलों पर ध्यान आकर्षित करेंगे।

  • वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और भावना बोहरा राज्य में बाहरी घुसपैठियों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे।

चार याचिकाएं होंगी प्रस्तुत

सत्र के दौरान चार याचिकाएं भी सदन में प्रस्तुत की जाएंगी।

  • लखेश्वर बघेल

  • भावना बोहरा

  • ललित चंद्राकर

  • सावित्री मंडावी
    इन चारों विधायकों द्वारा दी गई याचिकाएं विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों को उजागर करेंगी।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर पीएम को बधाई प्रस्ताव

सदन में आज ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने के लिए एक प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव को संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सदन में रखेंगे।

मानसून सत्र का दूसरा दिन भी पूरी तरह राजनीतिक गतिविधियों से भरा रहेगा। विपक्ष जहां सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियों को सामने रखने की कोशिश करेगा। जनता से जुड़े मुद्दों पर होने वाली चर्चा और बहसों से साफ है कि आज भी सदन में जोरदार सियासी गर्मी देखने को मिलेगी।

Youthwings