Chhattisgarh Artist World Record: सोनाखान की धरती से उभरी प्रतिभा, खगेश पैकरा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Chhattisgarh Artist World Record: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। ग्राम हटौद के युवा कलाकार खगेश कुमार पैकरा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से ‘आदि परब 2026’ में ‘गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज करा लिया है। यह आयोजन 13-14 मार्च को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय में आयोजित हुआ था।
खगेश की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश को गर्व का मौका दिया है। उनकी प्रस्तुति में आदिवासी संस्कृति और लोककला की ऐसी झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
सीमित संसाधनों के बावजूद खगेश ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वे इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं और मुंबई में विशेष नृत्य प्रशिक्षण भी ले चुके हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय नाट्य शाला, नई दिल्ली में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने देशभर की कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनेक पुरस्कार जीते हैं और कला के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
आदिवासी संस्कृति को मिला वैश्विक मंच
खगेश पैकरा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और संस्थान को दिया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य आदिवासी कला और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।
उनकी इस उपलब्धि से कसडोल, बलौदाबाजार और पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी है।
