छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती को मिली मंजूरी
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालयों में 700 रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है। इस मंजूरी के तहत 625 सहायक प्राध्यापक, 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल की नियुक्ति की जाएगी। इस फैसले को वित्त विभाग की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर यह बड़ा निर्णय लिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया से राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
शैक्षणिक गुणवत्ता को मिलेगा बढ़ावा
625 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति से महाविद्यालयों में अध्यापन की गुणवत्ता में सुधार होगा, वहीं 50 ग्रंथपालों की भर्ती से पुस्तकालयों का संचालन और अधिक प्रभावी होगा। 25 क्रीड़ा अधिकारियों की नियुक्ति से खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे छात्रों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।
5 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी
सरकार द्वारा यह भी जानकारी दी गई है कि आने वाले समय में 5,000 शिक्षकों सहित विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी। पिछले 21 महीनों में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आदिम जाति विकास सहित अन्य विभागों में भी कई पदों पर भर्ती की जा चुकी है।
शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
राज्य के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जो ना केवल रोजगार के अवसर सृजित करेगा बल्कि उच्च शिक्षा के स्तर को भी ऊंचाई प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री साय का बयान
मुख्यमंत्री साय ने इस निर्णय को “ऐतिहासिक कदम” करार देते हुए कहा कि यह पहल न केवल महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि युवाओं को मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और बेहतर सीखने का अवसर भी देगी। यह निर्णय राज्य की भावी पीढ़ी को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
