Chain Snatching and Bag Theft in Bilaspur : बिलासपुर में महिला से मंगलसूत्र लूट, दूसरे मामले में युवती का जेवरों से भरा बैग गायब
बिलासपुर। बिलासपुर के देवरीखुर्द इलाके में सोमवार शाम स्कूटी सवार महिला से दो बाइक सवार युवकों ने सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना तोरवा पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी अपने परिचित के साथ गदा चौक गई थीं। वापस लौटते समय पीछे से आए पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मस्तूरी की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोरवा क्षेत्रों में नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी स्पष्ट नजर नहीं आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी क्षेत्र में एक अन्य घटना में देवरीखुर्द निवासी श्रद्धा बाई का जेवरों से भरा बैग ऑटो से गायब हो गया। युवती 21 मार्च को अग्रसेन चौक से लौटते समय ऑटो में बैठी थी। पावर हाउस के पास उतरने के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर उतर गया। घर पहुंचने पर बैग गायब होने की जानकारी मिली।
बैग में सोने-चांदी के जेवर रखे थे। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
