CGMSC की सप्लाई में फिर सामने आई संदिग्ध दवा, इस दवा के इस्तेमाल पर रोक
Raipur News: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दवाएं सप्लाई करने वाली छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इस बार शुगर की बीमारी में दी जाने वाली दवा ‘मेटफार्मिन (Metformin)’ को संदिग्ध पाया गया है। दवा की गुणवत्ता पर संदेह जताते हुए सीजीएमएससी ने इसके उपयोग पर तुरंत रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।
स्ट्रिप से निकालते ही टूट रही थी दवा
मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य के कई स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में सप्लाई की गई यह दवा स्ट्रिप से निकालते ही टूट रही थी। मरीजों और मेडिकल स्टाफ ने इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दवा की प्रारंभिक जांच (Initial Test) कराई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दवा की गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर रही है। इसके बाद सीजीएमएससी ने सभी जिलों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि फिलहाल इस दवा का वितरण और उपयोग तुरंत रोका जाए।
स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए दवा को बाजार से वापस मंगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि दवा के सैंपल को लेबोरेटरी टेस्ट (Lab Testing) के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुके हैं संदिग्ध दवाओं के मामले
यह पहला मौका नहीं है जब सीजीएमएससी द्वारा सप्लाई की गई दवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठे हों। कुछ महीने पहले भी कुछ एंटीबायोटिक और पेन रिलीफ दवाएं संदिग्ध पाई गई थीं, जिन्हें जांच के बाद वापस मंगाया गया था। बार-बार संदिग्ध दवाएं मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
