CG Rajyotsav 2025: मेला जाने वालों के लिए हर आधे घंटे में निकलेगी बीआरटीएस बस, सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक मिलेगी सुविधा

CG Rajyotsav 2025

CG Rajyotsav 2025

रायपुर: CG Rajyotsav 2025:  राज्योत्सव में बड़ी संख्या में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बीआरटीएस ने बस संचालन की विशेष व्यवस्था की है। राज्योत्सव में शामिल होने वाले यात्री अब किराया देकर सीबीडी स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। वहां से हर 5 मिनट में मेला स्थल के लिए बसें चलाई जाएंगी, जिसके लिए मात्र 5 रुपए अतिरिक्त किराया देना होगा ।रात्रिकालीन कार्यक्रमों से लौटने वाले लोगों की सुविधा के लिए तीन अतिरिक्त नाइट बसें भी उपलब्ध रहेंगी।

नवा रायपुर के लिए विशेष व्यवस्था

राजधानी से नवा रायपुर की दूरी को देखते हुए बीआरटीएस ने कुल 28 बसों की तैनाती की है। बसें सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक हर आधे घंटे के अंतराल पर चलेंगी। इन बसों का संचालन रेलवे स्टेशन से डीकेएस भवन, तेलीबांधा होते हुए सीबीडी स्टेशन तक किया जाएगा। सीबीडी से मेला स्थल तक के लिए यात्रियों को बीआरटीएस की अलग बस मिलेगी। नवा रायपुर तक पहुंचने के लिए सामान्य किराया 35 से 40 रुपए रहेगा, जबकि मेला स्थल जाने के लिए 5 रुपए अतिरिक्त देना होगा।

अधिक से अधिक लोगों की सुविधा के लिए निर्णय

राज्योत्सव के दौरान शहरवासियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बीआरटीएस बस सेवा को मंजूरी दी है। नवा रायपुर तक निजी वाहनों से पहुंचने में समय और खर्च अधिक लगता है। इसलिए बीआरटीएस बसें अब नागरिकों को आरामदायक और किफायती यात्रा का विकल्प देंगी। छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती उत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

नाइट बसों की टाइमिंग

रात में लौटने वालों के लिए बीआरटीएस की विशेष बसें इस तरह संचालित होंगी—

पहली बस: सीबीडी स्टेशन से 10:06 बजे, रेलवे स्टेशन पहुंचेगी 10:58 बजे

दूसरी बस: सीबीडी से 10:42 बजे, रेलवे स्टेशन पहुंचेगी 11:28 बजे

तीसरी बस: सीबीडी से 11:12 बजे, रेलवे स्टेशन पहुंचेगी 11:58 बजे

नाइट में तीन स्पेशल बस और ई-रिक्शा सेवा

राज्योत्सव में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद दर्शकों की वापसी के लिए रात में तीन विशेष बसें चलेंगी। ये बसें सीबीडी से तेलीबांधा, डीकेएस होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाएंगी। इसके अलावा, जो लोग निजी वाहनों से मेला देखने पहुंचेंगे, उनके लिए सौ ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। इन ई-रिक्शाओं से नि:शुल्क मेला स्थल तक पहुंचा जा सकेगा।

 

Youthwings