CG Heavy rain: तेज बारिश ने मचाई तबाही, नदी-नाले उफान पर, कई रास्ते बंद
CG Heavy rain
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखा दिया है। मंगलवार रात से शुरू हुई भारी बारिश ने राज्य के कई हिस्सों को जलमग्न कर दिया है। राजधानी रायपुर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पानी ही पानी नजर आ रहा है।
राजधानी की रफ्तार थमी
रायपुर शहर में सुबह से ही कई कॉलोनियों, मुख्य सड़कों और बाजारों में पानी भर गया है। आम लोगों के साथ-साथ दफ्तर और स्कूल जाने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की रफ्तार बारिश के चलते एक बार फिर थम गई है।
तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बाकी जगह येलो
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बस्तर को छोड़कर बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है। नागरिकों को सतर्क रहने और नदियों, नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
सारंगढ़ में बड़ा हादसा टला, कार नाले में बही
सारंगढ़ के विक्रमपाली नाले में तेज बहाव के बीच एक कार बह गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीन लोगों ने समय रहते कूदकर जान बचा ली। यह नाला ओडिशा से बरमकेला को जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता है, जहां अधूरा पुल लंबे समय से लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
बलौदा बाजार में सबसे ज्यादा पानी, घर-स्कूल डूबे
बलौदा बाजार में भारी वर्षा के चलते गांवों और कस्बों में पानी घरों, गलियों और स्कूल परिसरों में घुस गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक जिले में 758.4 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। सबसे अधिक 962.7 मिमी बारिश सुहेला तहसील में और सबसे कम 632.7 मिमी सोनाखान में हुई है।
कई सड़कें बंद, पुल-पुलिया जलमग्न
कसडोल क्षेत्र में कुकरिकोना की पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जहां 4 फीट तक पानी बह रहा है। इससे पिथौरा–महासमुंद मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है।
अगले दो दिन चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। राहत और बचाव दल अलर्ट पर हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।
