गृहग्राम में सड़क नहीं बनने पर फूटा भाजपा नेता का गुस्सा, ग्रामीणों के साथ किया हाईवे जाम

गरियाबंद न्यूज

गरियाबंद। जिले के देवभोग विकासखंड के मुड़ागांव में वर्षों से लंबित सीसी सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर दिखाई दिया। अपने ही गृहग्राम में सड़क नहीं बनने से नाराज भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नेशनल हाईवे-130 सी पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

पुलिस ने एक घंटे के भीतर खुलवाया हाईवे

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट था। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने के बाद करीब एक घंटे के भीतर हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करा दिया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही।

दो साल से सड़क की मांग, बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

ग्रामीणों के मुताबिक, मुड़ागांव के आश्रित पारा करलाकोट में पिछले दो वर्षों से सीसी सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। बारिश के मौसम में पूरा इलाका कीचड़ से भर जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते, जबकि स्कूली बच्चों को भी रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

गरियाबंद न्यूज

read more : 2548 पदों पर भर्ती: बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी, 12वीं पास महिलाएं करें आवेदन

हेमंत नागेश ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग उठाई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या के समाधान के बजाय केवल आश्वासन दिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान में उतनी ही गंभीरता दिखाता, जितनी तेजी से प्रदर्शन हटाने पहुंचा, तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।

कांग्रेस ने भी साधा सरकार पर निशाना

प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने गांव का निरीक्षण किया और राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि सत्ताधारी दल के नेताओं के गांवों में भी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द ही करलाकोट में सीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि वर्षों से मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहते हैं।

 

Youthwings