CBSE बोर्ड परीक्षा 2026: 10वीं-12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरु!, परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव
CBSE बोर्ड परीक्षा 2026
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की संभावित तिथियों की घोषणा कर दी है। इस बार छात्रों के लिए एक बड़ी सुविधा के तौर पर दसवीं की परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। CBSE की यह योजना देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पढ़ रहे लाखों छात्रों को राहत देने वाली है।
पहली बार साल में दो बार होगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा
CBSE की अधिसूचना के अनुसार, 10वीं की पहली बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी 2026 से शुरू होगी, जबकि दूसरी परीक्षा 15 जून 2026 से आयोजित की जाएगी। यह पहली बार है जब एक ही शैक्षणिक सत्र में दसवीं की परीक्षा दो बार कराई जाएगी, ताकि छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का दूसरा अवसर मिल सके।
12वीं की परीक्षाएं भी तय, 204 विषयों में होंगे एग्जाम
CBSE ने बताया कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 45 लाख छात्र भाग लेंगे, जो भारत सहित 26 देशों के CBSE मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ रहे हैं। कुल मिलाकर 204 विषयों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा शेड्यूल की प्रमुख बातें:
10वीं की पहली परीक्षा: 17 फरवरी 2026 से
10वीं की दूसरी परीक्षा: 15 जून 2026 से
12वीं की परीक्षा: 17 फरवरी से अप्रैल मध्य तक
परीक्षा समय: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
कैसे होंगी परीक्षाएं शुरू?
कक्षा 10वीं की परीक्षा की शुरुआत गणित (मानक) और गणित (मूल) जैसे विषयों से होगी, जबकि समापन भाषा और संगीत जैसे विषयों से किया जाएगा। वहीं 12वीं की परीक्षा की शुरुआत बायोटेक्नोलॉजी, उद्यमिता और आशुलिपि (हिंदी-अंग्रेज़ी) से होगी और समापन संस्कृत, डेटा साइंस और मल्टीमीडिया से होगा।
