टोल प्लाजा पर बड़ा बदलाव: 1 अप्रैल 2026 से कैश पूरी तरह बंद, सिर्फ FASTag और UPI से ही होगी भुगतान

छत्तीसगढ़ सहित देशभर के नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल 2026 से सभी टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद वाहन चालकों को टोल टैक्स केवल UPI या FASTag के माध्यम से ही देना होगा।

जाम से राहत और समय की होगी बचत

एनएचएआई के अनुसार, टोल प्लाजा पर कैश लेन के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे न सिर्फ समय बर्बाद होता है बल्कि ईंधन की खपत और प्रदूषण भी बढ़ता है। डिजिटल भुगतान लागू होने से— टोल प्लाजा पर रुकने का समय घटेगा, ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, प्रदूषण में कमी आएगी।

1 अप्रैल से कैश भुगतान पूरी तरह समाप्त

छत्तीसगढ़ एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप लाल ने बताया कि प्रदेश के सभी नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे टोल प्लाजा पर कैश लेना पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।अब तक टोल टैक्स कैश, UPI और FASTag—तीनों माध्यमों से लिया जा रहा था, लेकिन कैश भुगतान के दौरान चिल्हर नहीं होने की वजह से अक्सर विवाद और जाम की स्थिति बन जाती थी।

डिजिटल भुगतान से नहीं देना पड़ेगा अतिरिक्त शुल्क

वर्तमान में यदि किसी वाहन पर FASTag नहीं होता और वह कैश से भुगतान करता है, तो उसे अधिक टोल शुल्क देना पड़ता है। डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन चालक सीधे UPI या FASTag से भुगतान कर सकेंगे, जिससे दोगुना या अतिरिक्त राशि देने की मजबूरी खत्म हो जाएगी।

टोल प्लाजा पर विवाद की स्थिति भी होगी खत्म

कैश भुगतान के दौरान अधिक वसूली, खुले पैसे और लेन को लेकर कई बार वाहन चालकों और टोल कर्मचारियों के बीच कहासुनी की घटनाएं सामने आती रही हैं। NHAI का मानना है कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था शुरू होने के बाद इस तरह के विवाद समाप्त होंगे और टोल प्लाजा पर व्यवस्था अधिक सुचारू रहेगी।

पर्यावरण को भी मिलेगा फायदा

डिजिटल टोल सिस्टम से वाहनों की आवाजाही तेज होगी, जिससे— ईंधन की खपत कम होगी, कार्बन उत्सर्जन घटेगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। एनएचएआई के अनुसार यह पहल डिजिटल इंडिया और ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में अहम कदम है।

read more : नया रायपुर में भीषण सड़क हादसा, हवा में उछलकर दो पेड़ों के बीच फंसी कार

Youthwings