रायपुर में यूथ कांग्रेस नेता की दो कारों में लगाई आग, VIDEO वायरल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में देर रात सनसनी फैल गई, जब जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कारों में लगी भीषण आग और आसपास के लोगों की अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कारों पर पेट्रोल डालकर आगजनी की, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह जल गए।
विनोद कश्यप ने इस घटना को पुलिस की लापरवाही करार देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज दोपहर 12 बजे महादेव घाट रोड स्थित डीडी नगर थाने के बाहर प्रदर्शन करने की तैयारी की है।
पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन इसे राजनीतिक रंजिश या साजिश के तौर पर देखा जा रहा है।
