CAF भर्ती: वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज, नियुक्ति की मांग को लेकर गृहमंत्री के बंगले के बाहर धरना
रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) भर्ती प्रक्रिया से जुड़े वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी एक बार फिर नियुक्ति की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक उनकी वेटिंग लिस्ट क्लियर नहीं की गई, जिससे उनका भविष्य अनिश्चितता में फंसा हुआ है।
वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थी बीते कई महीनों से शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार वे 22 दिसंबर से धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसी नाराजगी के चलते अभ्यर्थी गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हुए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कई बार ज्ञापन सौंपे, अधिकारियों से मुलाकात की और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी, लेकिन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका दावा है कि नियमों के अनुसार वेटिंग लिस्ट पहले ही क्लियर हो जानी चाहिए थी और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल जानी चाहिए थी।
धरना-प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे इंतजार और असमंजस की स्थिति के कारण अभ्यर्थियों पर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द वेटिंग लिस्ट को क्लियर कर योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति दे, ताकि वर्षों से चला आ रहा उनका संघर्ष समाप्त हो सके।
