नया रायपुर में 19 अगस्त को होगी साय कैबिनेट बैठक, बड़े फैसलों की उम्मीद
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 19 अगस्त को नया रायपुर मंत्रालय में कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य स्तर पर लागू करने को लेकर भी इस बैठक में निर्णय लिए जा सकते हैं।
नए मंत्रियों की एंट्री की अटकलें
राजनीतिक हलकों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि इस बैठक में नए मंत्रियों को शामिल किए जाने की संभावना है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि मंत्रिमंडल विस्तार बैठक से पहले होगा या उसके बाद। लेकिन जानकार मानते हैं कि मुख्यमंत्री साय के विदेश दौरे से पहले मंत्रिमंडल विस्तार लगभग तय है।
जनता को ठोस फैसलों की उम्मीद
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सरकार अब तक कई अहम मुद्दों पर फैसले टालती रही है। ऐसे में इस बैठक से जनता को कुछ बड़े और ठोस निर्णयों की उम्मीद है।
विपक्ष की नजर
मंत्रिमंडल में खाली पदों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार महत्वपूर्ण विभागों में स्थायी मंत्रियों की नियुक्ति से बच रही है। ऐसे में 19 अगस्त को होने वाली यह बैठक न सिर्फ प्रशासनिक दृष्टि से, बल्कि राजनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण हो गई है।
