साय कैबिनेट की कल अहम बैठक: मुख्य सचिव अमिताभ जैन को दी जाएगी विदाई, विकास शील होंगे नए मुख्य सचिव
कैबिनेट बैठक
रायपुर: कल 30 सितंबर को कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई है, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। यह बैठक दोपहर 3.30 बजे मंत्रालय, अटल नगर, रायपुर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई जाएगी। साथ ही, इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन को विदाई दी जाएगी और नए मुख्य सचिव विकास शील का स्वागत किया जाएगा।
कैबिनेट की बैठक में दी जाएगी विदाई :
राज्य बनने के बाद यह दूसरी बार होगा जब किसी मुख्य सचिव को कैबिनेट की बैठक में विदाई दी जाएगी। इससे पहले 2014 में पूर्व मुख्य सचिव सुनिल कुमार को विदाई दी गई थी। इसके बाद से किसी मुख्य सचिव को कैबिनेट में इस तरह से विदाई नहीं मिली। इसके पीछे कई कारण रहे, जैसे विवेक ढांड का वीआरएस लेना, अजय सिंह को सरकार परिवर्तन के बाद हटाया जाना, सुनील कुजूर का संक्षिप्त कार्यकाल और कोविड के कारण आरपी मंडल की विदाई समारोह न हो पाना।
अमिताभ जैन कल हो रहे रिटायर :
अमिताभ जैन के लिए यह दूसरी बार कैबिनेट में विदाई होगी। पहले 24 सितंबर को यह बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन उनके रिटायरमेंट के सम्मान में इसे 30 सितंबर तक स्थगित किया गया। जून में उनके रिटायरमेंट के समय भी विदाई समारोह हो चुका था, लेकिन भारत सरकार से तीन महीने का सेवा विस्तार मिलने के कारण वे अब तक मुख्य सचिव पद पर बने रहे। 30 सितंबर को यह एक्सटेंशन समाप्त हो जाएगा और अमिताभ जैन सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनकी जगह विकास शील को नए मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
बैठक में राजस्व और पंजीयन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मसलों पर भी चर्चा होगी। सरकार भूमि के गाइडलाइन रेट पर भी कोई बड़ा फैसला ले सकती है।
