साय कैबिनेट की बड़ी बैठक: किसानों, आवास, धान खरीदी और क्रिकेट स्टेडियम को लेकर लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसले
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में किसानों, आवास योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और खेल अवसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
1. किसानों के लिए राहत: दलहन-तिलहन की खरीद PSS योजना के तहत जारी रहेगी
मंत्रिपरिषद ने तय किया कि खरीफ और रबी विपणन मौसम में दलहन-तिलहन की खरीद पहले की तरह प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (प्राइस सपोर्ट स्कीम – PSS) के तहत जारी रहेगी।
खरीफ में: अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन
रबी में: चना, सरसों, मसूर
समर्थन मूल्य पर उपार्जन से मंडियों में प्रतिस्पर्धा बनी रहती है और किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ती है।
2. प्रशासनिक सुधार: विभागों का एकीकरण
छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन करते हुए दो बड़े बदलाव किए गए—
सार्वजनिक उपक्रम विभाग का वाणिज्य और उद्योग विभाग में विलय
बीस सूत्रीय कार्यक्रम विभाग का योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में एकीकरण
यह कदम “मिनिमम गवर्मेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस” के सिद्धांत को मजबूत करेगा।
3. धान खरीदी के लिए बड़ी मंजूरी—26,200 करोड़ की गारंटी
धान खरीदी को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने:
बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए स्वीकृत 15,000 करोड़ रुपये की गारंटी का पुनर्वेधीकरण किया
विपणन संघ को अतिरिक्त 11,200 करोड़ रुपये की गारंटी प्रदान की
यह निर्णय खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी व्यवस्था को मजबूती देगा।
4. आवास योजनाओं में बड़ा बदलाव: EWS-LIG मकानों की बिक्री के नियम सरल
दीनदयाल आवास, अटल आवास, अटल विहार और नवा रायपुर सीएम आवास योजना में नए प्रावधान जोड़े गए—
अ. 3 बार विज्ञापन के बाद बची इकाइयों पर छूट
अविक्रित EWS और LIG मकान किसी अन्य आय वर्ग को भी बेचे जा सकेंगे
लेकिन ऐसे खरीदारों को सरकारी अनुदान नहीं मिलेगा
ब. Bulk Purchase की अनुमति
कोई संस्था या व्यक्ति एक से अधिक मकान खरीद सकता है
लेकिन उन्हें अनुदान का लाभ नहीं मिलेगा
इन प्रावधानों का व्यापक प्रचार किया जाएगा।
5. नवा रायपुर क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को लीज पर
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (नवा रायपुर) को
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को अनुबंध अनुसार दीर्घकालीन लीज पर देने का निर्णय लिया गया।
इससे—
खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी
राज्य में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मैचों की संख्या बढ़ेगी
