Ambedkar Hospital में 50 दिनों से बंद हैं बायपास और ओपन हार्ट सर्जरी, मरीज परेशान

रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. बी.आर. अम्बेडकर अस्पताल के अंतर्गत संचालित एडवांस कार्डियेक इंस्टिट्यूट (एसीआई) में पिछले 50 दिनों से चिकित्सा सामग्रियों की कमी के कारण बायपास और ओपन हार्ट सर्जरी पूरी तरह ठप हैं। हार्ट मरीज अब इलाज के लिए मजबूरन निजी अस्पतालों की शरण लेने को मजबूर हैं।

प्रशासन और सरकार की सुस्त कार्यप्रणाली

एसीआई प्रशासन ने नई सामग्रियों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति मांगी है, लेकिन सरकार और संबंधित विभागों की उदासीनता के चलते अभी तक कोई जवाब नहीं आया। पुराने टेंडर की दरों पर वेंडर सामग्री देने को तैयार नहीं हैं, और नया टेंडर बिना अनुमति के जारी नहीं किया जा सकता। इस सुस्त कार्यप्रणाली की वजह से मरीजों की जीवन रक्षक सुविधाओं से वंचित होना आम बात बन गई है।

विशेषज्ञ डॉक्टर और उपकरणों की कमी

एसीआई, जो कभी सर्जरी के क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाता रहा, अब सुविधाओं और संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। न तो पर्याप्त विशेषज्ञ डॉक्टर और स्टाफ उपलब्ध हैं, न ही आवश्यक चिकित्सा उपकरण। वॉल्व, आर्टिफिशियल ग्राफ, हार्ट-लंग मशीन जैसी आवश्यक सामग्रियां खत्म हो चुकी हैं।

अधूरा ऑपरेशन थियेटर और बच्चों के इलाज की समस्या

एसीआई में बच्चों की हार्ट सर्जरी और हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए नया ऑपरेशन थियेटर बनाया जा रहा है, लेकिन तीन साल बाद भी अधूरा है। पीडब्ल्यूडी ने सिविल कार्य तो पूरा कर लिया, लेकिन सीजीएमएससी द्वारा किए जाने वाले शेष कार्य लंबित हैं। इस देरी के कारण बच्चों के लिए महत्वपूर्ण सर्जरी और ट्रांसप्लांट शुरू नहीं हो पा रहे हैं।

Youthwings