24 फरवरी को पेश होगा बजट: अध्यक्ष डॉ. रमन बोले- ‘सशर्त विधानसभा सत्र में शामिल होंगे कवासी लखमा’,भाषण देने पर रहेगा प्रतिबंध

विधानसभा सत्र में शामिल होंगे कवासी लखमा

विधानसभा सत्र में शामिल होंगे कवासी लखमा

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जिसमें पूर्व आबकारी मंत्री और कांग्रेस विधायक कवासी लखमा को सशर्त शामिल होने की अनुमति मिल गई है। अदालत की शर्तों के तहत लखमा बजट सत्र में भाग ले सकेंगे, लेकिन किसी भी शर्त के उल्लंघन की स्थिति में उनकी जमानत रद्द की जा सकती है।

23 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए सत्र की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी। उन्होंने जानकारी दी कि 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे वित्त मंत्री द्वारा बजट पेश किया जाएगा, जबकि 25 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा होगी। इस सत्र में छत्तीसगढ़ विधानसभा में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक भी पेश किए जाने की संभावना है।

कवासी लखमा को सशर्त अनुमति

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि कवासी लखमा को सदन की कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति महाधिवक्ता छत्तीसगढ़ के अभिमत के बाद दी गई है। यह अनुमति पूरी तरह शर्तों पर आधारित है।

शर्तों के अनुसार कवासी लखमा फिलहाल राज्य से बाहर रहेंगे और बजट सत्र शुरू होने के एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकेंगे। उन्हें अपने आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी देनी होगी, साथ ही सक्रिय मोबाइल नंबर भी प्रशासन को उपलब्ध कराना होगा।

भाषण देने पर रहेगा प्रतिबंध

स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई शर्त के अनुसार कवासी लखमा विधानसभा में किसी भी प्रकार का भाषण नहीं दे सकेंगे। वे अपने ऊपर चल रहे प्रकरण से जुड़े किसी भी विषय पर सदन में वक्तव्य नहीं रख पाएंगे।

हालांकि, उन्हें अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे और सामान्य विषयों पर प्रश्न उठाने और मांग रखने की अनुमति होगी। उनकी उपस्थिति केवल उन्हीं दिनों मान्य होगी, जब विधानसभा सत्र संचालित हो रहा होगा।

बजट सत्र पर टिकी निगाहें

24 फरवरी को पेश होने वाले बजट और धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चाएं तेज हैं। वहीं, सशर्त अनुमति के साथ कवासी लखमा की विधानसभा में मौजूदगी भी सत्र के दौरान खासा चर्चा का विषय बनी रहेगी।

Youthwings