बजट 2026-27: छत्तीसगढ़ में शिक्षा और स्वरोजगार को नई रफ्तार, 700 स्कूल भवन और रायपुर में बनेगा यूनिटी मॉल

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट 2026-27 में शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अहम फैसले लिए हैं। राज्य में भवन विहीन स्कूलों की समस्या दूर करने के लिए 700 नए स्कूल भवनों के निर्माण हेतु 123 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं राजधानी रायपुर में 93 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक यूनिटी मॉल बनाया जाएगा, जो स्थानीय शिल्प और ग्रामोद्योग को नई पहचान दिलाएगा।

ग्रामीण शिक्षा को मजबूती: हर बच्चे को मिलेगा सुरक्षित स्कूल

सरकार का यह फैसला खासतौर पर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए राहत भरा है, जहां अब तक कई स्कूल बिना भवन के संचालित हो रहे थे। नए निर्माण से प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। इससे न केवल पढ़ाई की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि स्कूल छोड़ने की दर में भी कमी आने की उम्मीद है।

मॉडल स्कूल और बस्तर में एजुकेशन सिटी

शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना के तहत पहले चरण में 150 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
इसके साथ ही नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में शिक्षा का बड़ा केंद्र विकसित करने की तैयारी है। दंतेवाड़ा मॉडल की तर्ज पर अब अबूझमाड़ और जगरगुंडा में नई एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी, जिन पर 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह कदम स्थानीय युवाओं को आधुनिक शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने में अहम साबित होगा।

यूनिटी मॉल से शिल्पकारों को मिलेगा वैश्विक बाजार

राजधानी रायपुर में बनने वाला यूनिटी मॉल छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प और ग्रामोद्योग उत्पादों का बड़ा केंद्र बनेगा। यहां ढोकरा कला, बांस शिल्प और माटी कला जैसे पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित कर देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे कारीगरों की आमदनी बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

हस्तशिल्प को तकनीकी सहारा

कुनकुरी के ग्राम गोरिया में 2.86 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ग्लेजिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इससे माटी शिल्प को नए डिजाइन, बेहतर फिनिश और बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी। साथ ही, देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर शिल्प उत्पादों के शो-रूम खोलने की योजना भी तैयार की जा रही है।

read more : रायपुर जिला कोर्ट के बाहर खड़ी कार में लगी भीषण आग

 

Youthwings