हरियाणा चुनाव में ‘ब्राजीलियन मॉडल’ से वोटिंग फर्जीवाड़ा? राहुल गांधी ने लगाए गंभीर आरोप, चुनाव आयोग ने दिया 15 पॉइंट्स में जवाब
नई दिल्ली / चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोट चोरी और फर्जी वोटिंग के गंभीर आरोप लगाए। यह तीसरी बार है जब राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर मीडिया के सामने आकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हरियाणा चुनाव में 25 लाख से अधिक फर्जी वोटर शामिल किए गए, जिससे वोटिंग प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा कि इस फर्जीवाड़े में चुनाव आयोग की मिलीभगत है और यही वजह है कि कांग्रेस की “संभावित जीत को हार में बदला गया।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई गई ‘ब्राजीलियन मॉडल’ की फोटो
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को एक लड़की की फोटो दिखाई और कहा —
“ये कौन है? इस लड़की ने हरियाणा चुनाव में 10 बूथ पर 22 बार वोटिंग की थी।”
उन्होंने बताया कि यह फोटो ब्राजीलियन मॉडल की है, जिसका नाम Matheus Ferroro नहीं है, क्योंकि Matheus Ferroro असल में उस फोटोग्राफर का नाम है जिसने यह तस्वीर क्लिक की थी। यह फोटो Unsplash और Pexels जैसी वेबसाइटों पर उपलब्ध है।
राहुल के अनुसार, इस लड़की की तस्वीर को विभिन्न नामों से मतदाता सूची में शामिल किया गया और 10 अलग-अलग बूथों पर वोटिंग कराई गई।
“12.5% वोटर फर्जी हैं” — राहुल गांधी का दावा
राहुल गांधी ने कहा —
“हरियाणा में कुल लगभग 2 करोड़ वोटर हैं, जिनमें से करीब 12.5 प्रतिशत फर्जी हैं। फर्जी नामों और तस्वीरों के ज़रिए वोटिंग प्रक्रिया से छेड़छाड़ की गई है।”
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ बीजेपी नेता दो राज्यों में वोट डाल रहे हैं, जैसे
“दालचंद यूपी के मंत्री के साथ बैठते हैं, सरपंच हैं, और उनका बेटा यशवीर हरियाणा में भी वोट डाल रहा है।”
राहुल ने दावा किया कि उनके पास इन सब आरोपों के पक्के सबूत मौजूद हैं।
युवाओं और Gen Z मतदाताओं से राहुल की अपील
राहुल गांधी ने युवाओं और Gen Z वोटर्स से कहा कि
“यह सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और भविष्य का सवाल है। इस फर्जीवाड़े पर सवाल उठाना ज़रूरी है।”
चुनाव आयोग ने 15 पॉइंट्स में दिया जवाब
राहुल गांधी के आरोपों के बाद हरियाणा चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर पोस्ट करते हुए 15 पॉइंट्स में सफाई दी।
आयोग ने कहा कि राहुल गांधी के दावे निराधार हैं, क्योंकि वोटर लिस्ट की तैयारी और सत्यापन पूरी पारदर्शिता से हुआ है।
मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- मसौदा वोटर लिस्ट 2 अगस्त 2024 को जारी की गई और सभी राजनीतिक दलों को दी गई।
- कुल 4,16,408 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं।
- बीएलओ की संख्या 20,629 रही।
- अंतिम मतदाता सूची 27 अगस्त को प्रकाशित की गई।
- जिला मजिस्ट्रेट या सीईओ के पास किसी भी अपील की संख्या शून्य रही।
- मतदान केंद्रों की कुल संख्या 20,632 और उम्मीदवार 1,031 थे।
- मतगणना के दौरान केवल 5 शिकायतें दर्ज हुईं।
- चुनाव परिणाम 8 अक्टूबर 2024 को घोषित होंगे।
- चुनाव याचिकाएं: 23।
आयोग ने कहा कि पूरी प्रक्रिया कानूनी और पारदर्शी थी और कांग्रेस नेता के आरोप गलत व भ्रामक हैं।
