बॉलीवुड एक्टर सतीश शाह का निधन: ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’, ‘मैं हूं न’ में निभाया था अहम रोल
सतीश शाह का निधन
बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का 25 अक्टूबर की दोपहर 2:30 बजे निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे पिछले कुछ समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। उनके मैनेजर ने उनके निधन की पुष्टि की है। सतीश शाह का अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है।
फिल्म और टीवी जगत में छाया मातम
सतीश शाह ने 74 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। हाल ही में फिल्ममेकर पीयूष पांडे के निधन के बाद, बॉलीवुड जगत अब एक और दिग्गज कलाकार के जाने से शोक में डूब गया है। सतीश शाह ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में और टीवी शो किए, लेकिन उन्हें असली पहचान टीवी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में निभाए गए उनके किरदार इंद्रवदन साराभाई (इंदु) से मिली थी। इस शो में उनकी कॉमिक टाइमिंग और रत्ना पाठक शाह संग उनकी नोकझोंक आज भी लोगों को खूब गुदगुदाती है।
गुजरात के मांडवी से बॉलीवुड तक का सफर
सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई जेवियर कॉलेज से की और इसके बाद फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से अभिनय सीखा। उन्होंने वर्ष 1972 में डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी। कोविड महामारी के दौरान वे कोरोना संक्रमित भी हुए थे, लेकिन उस समय उन्होंने बीमारी को मात दी थी।
फिल्मों में शानदार सफर
सतीश शाह ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’, ‘गमन’, ‘उमराव जान’, ‘शक्ति’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘विक्रम बेताल’ जैसी क्लासिक फिल्मों में अहम भूमिकाएँ निभाईं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और प्राकृतिक अभिनय ने उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई।
टीवी पर दिखाया बेमिसाल कमाल
टीवी इंडस्ट्री में सतीश शाह ने जो काम किया, वो आज भी याद किया जाता है। 1984 में आए शो ‘ये जो है जिंदगी’ में उन्होंने हर एपिसोड में नया किरदार निभाकर दर्शकों को चौंका दिया था।
इस शो के कुल 55 एपिसोड में उन्होंने 55 अलग-अलग किरदार निभाए थे — जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
इसके बाद उन्होंने ‘फिल्मी चक्कर’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे हिट शोज में काम किया। रत्ना पाठक शाह के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को खूब भाती थी।
फिल्मों में यादगार कॉमेडी
सतीश शाह को इंडस्ट्री में कॉमेडी किंग के रूप में जाना जाता था। उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म ‘मैं हूं ना’ में प्रोफेसर का मजेदार किरदार निभाया था, जो छात्रों से बात करते हुए उनके चेहरे पर थूकता था।
उनके इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
इसके अलावा वे ‘रा.वन’, ‘हमशकल्स’, ‘फना’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘गुलाम-ए-मुस्तफा’ जैसी हिट फिल्मों में भी नज़र आए।
