माशिमं का बड़ा फैसला: 5 किमी के दायरे में बनेंगे बोर्ड परीक्षा केंद्र, ग्राउंड फ्लोर पर होगी 10वीं-12वीं की परीक्षा
माशिमं
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं, जिनमें परीक्षा केंद्रों के चयन से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया है।
5 किलोमीटर के अंदर ही बनेंगे परीक्षा केंद्र
माशिमं ने निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्र छात्रों की सहूलियत को देखते हुए अधिकतम 5 किलोमीटर के दायरे में ही बनाए जाएं।
ग्रामीण इलाकों के छात्रों को परीक्षा समय पर पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए हर जिले को दूरी और छात्रों की संख्या से संबंधित रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
ग्राउंड फ्लोर पर बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
यदि कोई स्कूल दो या तीन मंजिला है, तो 10वीं व 12वीं की परीक्षा सिर्फ ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने इसे अनिवार्य बताते हुए सख्त पालन के निर्देश जारी किए हैं।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत विवरण अनिवार्य
DEO से यह भी कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों से संबंधित निम्न जानकारी भेजी जाए—
बिजली की उपलब्धता
परीक्षा हॉल और कमरों की संख्या
बैठने की क्षमता
उपलब्ध फर्नीचर
स्टाफ की संख्या
बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग शौचालय
सुरक्षा व्यवस्था की रिपोर्ट भी अनिवार्य
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रत्येक परीक्षा केंद्र से निकटतम पुलिस थाने की दूरी की जानकारी माशिमं ने मांगी है, ताकि सुरक्षा और निगरानी की उचित तैयारी की जा सके।
जिलों में शुरू हुई बैठकें
माशिमं की गाइडलाइन जारी होने के बाद जिलों में समीक्षा बैठकों का दौर शुरू हो गया है। बिलासपुर में आज DEO प्राचार्यों के साथ बैठक कर रहे हैं, जिसके बाद सभी आवश्यक विवरण माशिमं को भेजे जाएंगे। साथ ही, नए परीक्षा केंद्रों के प्रस्ताव भी मांगे गए हैं, जिस पर बैठक में चर्चा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नए केंद्रों का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
