कांग्रेस नेता का आपत्तिजनक बयान: “लाड़ली बहनों को बोरियों में भर देंगे”, BJP बोली– यह कांग्रेस की सोच का आईना

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस नेता के विवादित बोल ने नया राजनीतिक बवाल खड़ा कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य यशवंत सिंह गुर्जर ने एक सार्वजनिक मंच से बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि “लाड़ली बहनों को बोरियों में भर देंगे।”

यह विवादित बयान राजगढ़ में नवनियुक्त कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह खीची के स्वागत समारोह के बाद मंच से दिए गए संबोधन में आया। कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे, लेकिन गुर्जर अपने भाषण में मर्यादा की सीमा पार कर गए।

बीजेपी का पलटवार

गुर्जर के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि यह बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की सोच और मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

कांग्रेस नेता ने मांगी माफी

बढ़ते विवाद को देखते हुए कांग्रेस नेता यशवंत सिंह गुर्जर को सफाई देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि “मैं अपने बयान के लिए माफी मांगता हूं, मेरा मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।”

फिलहाल, कांग्रेस के इस बयान से लाड़ली बहना योजना फिर से सियासी सुर्खियों में आ गई है। जहां भाजपा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमला बोल रही है, वहीं कांग्रेस नुकसान की भरपाई करने में जुटी हुई है।

Youthwings