BJP Next President Name: बीजेपी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष की चर्चा तेज, इस दिग्गज नेता का नाम सबसे आगे!
BJP Next President Name
नई दिल्ली। BJP Next President Name: भारतीय जनता पार्टी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लंबे समय से यह खबरें आ रही थीं कि बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बीच नाम को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है, लेकिन अब कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही इस पर फैसला हो सकता है। माना जा रहा है कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस दौड़ में सबसे आगे हैं।
नवरात्र के दौरान हो सकते हैं बड़े ऐलान
सूत्रों के अनुसार सोमवार से शुरू हो रहे नवरात्र के दौरान भाजपा अपने बाकी बचे प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर सकती है। बताया जा रहा है कि 25-26 सितंबर तक 4 से 5 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की जा सकती है। बीते मंगलवार को संगठनात्मक चुनावों को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के बीच लंबी बैठक हुई। पितृपक्ष को देखते हुए नवरात्र के बाद इस प्रक्रिया को तेज करने का फैसला लिया गया।
आरएसएस-बीजेपी की बैठक में बनी रणनीति
बुधवार देर शाम भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक 11 अशोका रोड स्थित पुराने मुख्यालय में हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक तय हुआ कि इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व ही लेगा। हालांकि बिहार विधानसभा चुनाव नवंबर में होने हैं, लेकिन पार्टी के अंदर यह भी माना जा रहा है कि चुनाव से पहले भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान किया जा सकता है।
शिवराज सिंह चौहान पर सभी की नजर
चार बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके 66 वर्षीय शिवराज सिंह चौहान ओबीसी वर्ग से आते हैं और भाजपा में उनका कद काफी बड़ा है। वे पार्टी की राष्ट्रीय इकाई के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) का भी नेतृत्व कर चुके हैं। नवंबर 2023 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को शानदार जीत दिलाने के बाद वे दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हुए। 2024 लोकसभा चुनाव में विदिशा से सांसद बने और फिलहाल मोदी कैबिनेट में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय संभाल रहे हैं।
शिवराज का जवाब—‘मैं किसान की सेवा में व्यस्त’
जब मीडिया ने शिवराज सिंह चौहान से भाजपा अध्यक्ष बनने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने इसे टालते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे कृषि और ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। मेरा पूरा ध्यान किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण विकास पर है। मैं इसी को अपनी पूजा मानता हूं।”
गडकरी ने भी टाला सवाल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी जब नया अध्यक्ष चुनने में देरी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “आपका सवाल सही है, लेकिन गलत व्यक्ति से पूछा है। इसका जवाब सिर्फ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ही दे सकते हैं।”
बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस अभी बरकरार है, लेकिन पार्टी और संघ की हालिया बैठकों के बाद यह साफ है कि जल्द ही बड़ा ऐलान हो सकता है।
