अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ ननकीराम कंवर, मुख्यमंत्री आवास के सामने करेंगे प्रदर्शन
रायपुर। पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकी राम कंवर 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। उनका यह कदम कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ भ्रष्टाचार और जन भावना के अनुरूप कार्रवाई न होने के विरोध में है। इसके लिए कंवर ने रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है।
धरने का कारण
कंवर ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने कोरबा कलेक्टर के खिलाफ 14 बिंदुओं पर शिकायत मुख्यमंत्री और कई केबिनेट मंत्रियों के सामने रखी, लेकिन अब तक कोई जांच नहीं हुई। उन्होंने इसे भ्रष्ट हिटलर प्रशासक के संरक्षण के रूप में बताया। कंवर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यालय में बैठे कुछ आईएएस अधिकारी कलेक्टर की गलत गतिविधियों की जानकारी छुपाकर सरकार और मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं।
वरिष्ठ नेता की चेतावनी
पत्र में कंवर ने कहा कि जब मेरे जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हो रही, तो अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का हाल अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोरबा कलेक्टर के भ्रष्टाचार को छुपाने में सरकार में बैठे बड़े अधिकारियों की भूमिका लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
पहले की कार्रवाई
पूर्व गृहमंत्री ने 22 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर कलेक्टर को हटाने की मांग की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि कलेक्टर हिटलर प्रशासक की तरह कार्य कर रहे हैं और उनके खिलाफ सैकड़ों भ्रष्टाचार के मामले हैं। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिन के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वे धरने पर बैठेंगे।
ननकीराम कंवर का यह धरना उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ 4 अक्टूबर को सीएम हाउस के सामने आयोजित किया जाएगा।


