फिर मुश्किल में आकांक्षा टोप्पो! BJP कार्यकर्ताओं ने लगाया अभद्र भाषा का आरोप, गिरफ्तारी की मांग

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ की सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने रामानुजगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आकांक्षा टोप्पो ने राज्य के मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की है।

शिकायत दर्ज कराने के बाद भाजपा कार्यकर्ता थाने परिसर में कई घंटों तक नारेबाजी करते रहे और कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल एक जनप्रतिनिधि की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाने का भी काम करती हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर जानबूझकर मंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त कर ली गई है। सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings