भाजपा का कांग्रेस पर नया वार: भूपेश और चैतन्य बघेल को बताया ‘वोट चोर-नोट चोर’

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्ट किया है। इस बार निशाने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल हैं। पोस्ट में दोनों को ‘वोट चोर’ और ‘नोट चोर’ कहा गया है।

केदार गुप्ता का कांग्रेस पर हमला
भाजपा नेता केदार गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ चुका है। ये लोग वोट की डकैती करते थे, पेटियों में वोट भरकर भाग जाते थे। अब भाजपा की सरकार है, इसलिए ये बच नहीं पाएंगे।” उन्होंने एनजीओ घोटाले को लेकर भी कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। गुप्ता ने कहा, “निशक्त जनों की राशि पर बंदरबांट हुआ है। आईएएस अधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी होती है। हाईकोर्ट की टिप्पणी बेहद शर्मनाक है, अधिकारियों को सरेंडर कर जांच में सहयोग करना चाहिए।”


नक्सलवाद पर कांग्रेस को घेरा
71 नक्सलियों के आत्मसमर्पण को लेकर गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस ने राजनीति के लिए नक्सलवाद का इस्तेमाल किया। अब भाजपा सरकार की योजनाओं के कारण नक्सली हथियार छोड़ रहे हैं। हमारी सरकार नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

जीएसटी छापे पर बयान
जीएसटी विभाग द्वारा गुटखा फैक्ट्री पर छापेमारी को लेकर गुप्ता ने कहा, “फैक्ट्री बिना लाइसेंस के चल रही थी, इसलिए कार्रवाई की गई। मोदी सरकार ने जीएसटी दरों में भारी कमी की है, फिर भी कोई चोरी करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

कांग्रेस के अंदरूनी विवाद पर कटाक्ष
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष विवाद पर कांग्रेस द्वारा संदीप साहू को अनुशासनहीनता का नोटिस देने पर गुप्ता ने कहा, “सभी पार्षद संदीप साहू के साथ हैं। उन्हें ही नेता प्रतिपक्ष होना चाहिए। इसके बावजूद कांग्रेस नया नाम घोषित कर रही है, यही कारण है कि कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।”

 

Youthwings