बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी: 7 आरोपी गिरफ्तार, दो कार जब्त, पैदल जुलूस निकालकर कोर्ट ले गई पुलिस
सूरजपुर जिले के अंबिकापुर–बनारस अंतरराज्यीय मार्ग पर बीच सड़क जन्मदिन की पार्टी मनाने का मामला अब पुलिस की सख्त कार्रवाई तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो कारों को जब्त किया गया है।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
यह पूरा मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही गांव के पास का है। 16 फरवरी की रात कुछ युवकों ने मुख्य मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर बीच सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाया। केक काटने के साथ जमकर आतिशबाजी की गई, जिससे अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान एम्बुलेंस समेत कई आवश्यक वाहन फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अंबिकापुर और लटोरी से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी को लटोरी क्षेत्र से पकड़ा गया। सभी आरोपियों को कोतवाली थाना लाया गया, जहां से उन्हें पैदल ले जाते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई दो कारों को भी जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़, कानून सख्त
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर कानून-व्यवस्था भंग की और आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डाला। यह मार्ग रात के समय भी काफी व्यस्त रहता है, ऐसे में इस तरह की हरकत किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
पुलिस का साफ संदेश
पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद साफ कर दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का जश्न और कानून की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
