Bilaspur Central Jail Suicide: बिलासपुर सेंट्रल जेल में जलती भट्ठी में कूदा कैदी, जलकर दर्दनाक मौत; 15 दिनों में 5वीं मौत से हड़कंप!
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित केंद्रीय जेल में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां उम्रकैद की सजा काट रहे एक सजायाफ्ता कैदी ने खाना बनाने वाले जलती भट्ठी (गैसीफायर) में कूदकर खुदकुशी कर ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जेल परिसर और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद काट रहा था मृतक
मृतक कैदी की पहचान चांपा निवासी विकेश कंवर उर्फ राहुल (46 वर्ष) के रूप में हुई है। विकेश कंवर वर्ष 2014 में हुए एक चर्चित डबल मर्डर के मामले में दोषी करार दिया गया था और बिलासपुर सेंट्रल जेल में अपनी उम्रकैद की सजा काट रहा था।
खाना बनाने वाले गैसीफायर में लगाई छलांग
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को विकेश कंवर जेल की रसोई में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले गैसीफायर प्लांट के पास काम कर रहा था। इसी दौरान उसने अचानक जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। भट्ठी का तापमान अत्यधिक होने के कारण वह बुरी तरह जल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
15 दिनों में 5वीं मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई इस खौफनाक घटना ने जेल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले महज एक पखवाड़े (15 दिन) के भीतर इस केंद्रीय जेल में किसी कैदी की मौत का यह पांचवां मामला है। लगातार हो रही इन मौतों से जेल में कैदियों की निगरानी और मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
कलेक्टर और एसएसपी पहुंचे मौके पर, न्यायिक जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह तुरंत बिलासपुर केंद्रीय जेल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी न्यायिक जांच (Judicial Inquiry) कराए जाने की बात कही है।
