Bilaspur Brutal Attack: बिलासपुर में खौफनाक हमला, अवैध संबंध के शक में महिला की हत्या, कई घायल
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अवैध संबंध के शक में एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम पेंडरवा निवासी 46 वर्षीय सुरेश श्रीवास को अपनी पत्नी और गांव के शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था। इसी विवाद को लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी रहती थी। कुछ महीने पहले इस विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी को तलाक भी दे दिया था।
बुधवार को आरोपी सुरेश श्रीवास अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा। सलीम के घर पर नहीं मिलने पर आरोपी ने गुस्से में आकर घर में मौजूद परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान सलीम की 65 वर्षीय मां मुराद बेगम पर घातक वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में घर के अन्य सदस्यों पर भी धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायल हालत में सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दोनों नाबालिग बेटों को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
