महिला मकान में चला रही थी OYO Hotel, संदिग्ध गतिविधियों से परेशान पड़ोसियों ने की शिकायत

बिलासपुर। सरकंडा के बहतराई रोड स्थित एक आवासीय मकान में अवैध रूप से ओयो होटल संचालित किए जाने के मामले में नगर निगम ने कार्रवाई की और मकान को सील कर दिया। शिकायत मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से की थी, जिसमें बताया गया था कि इस होटल के आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं।

होटल संचालन और मोहल्लेवासियों की परेशानियां

जानकारी के अनुसार, ओयो होटल का संचालन गायत्री केडिया नाम की महिला कर रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोजाना संदिग्ध लोग आते थे और गतिविधियां सुबह से देर रात तक चलती रहती थीं। कई बार मोहल्लेवासियों ने होटल बंद कराने की कोशिश की, लेकिन संचालक महिला ने किसी भी कार्रवाई का पालन नहीं किया।

नगर निगम की जांच और सीलिंग

शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम प्रभारी प्रमिल शर्मा और शिव जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में यह पुष्टि हुई कि यह मकान केवल आवासीय उपयोग के लिए है और किसी भी हालत में होटल संचालित नहीं किया जा सकता। इसके बाद तत्काल मकान को सील कर दिया गया।

मोहल्लेवासियों की सक्रियता

होटल संचालक के गैर-जिम्मेदार रवैये से परेशान मोहल्लेवासियों ने “ओयो होटल बंद करो” के पाम्फलेट तैयार कर इलाके में जगह-जगह चिपका दिए। इस प्रयास से प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई की।

शहर में अन्य मामले

शहर के कई मोहल्लों में भी ओयो होटल का संचालन आवासीय क्षेत्र में हो रहा है, जिससे रहवासियों को परेशानी हो रही है और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।

Youthwings