तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर बैठे मवेशियों को रौंदा, 17 गायों की मौत
बिलासपुर। गौवंशों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रशासनिक दावों के बीच रतनपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठे 20 से अधिक मवेशियों को कुचल दिया, जिसमें 17 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना ग्राम बारीडीह के पास स्थित नंदलाल पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर ने ब्रेक तक नहीं लगाया और मवेशियों को रौंदते हुए आगे निकल गया।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत रतनपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों का प्राथमिक उपचार और मृत मवेशियों को हटाने की कार्रवाई में जुट गई है। साथ ही, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक दावे हुए ध्वस्त
गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा सड़कों पर आवारा पशुओं को हटाने और उनके लिए गौशालाओं की व्यवस्था किए जाने के दावे लगातार किए जा रहे हैं। लेकिन यह हादसा इन दावों की पोल खोलता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज़ाना बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर घूमते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
