Bihar Election 2025: वोटर अधिकार यात्रा के बाद प्रियंका गांधी का दूसरा बिहार दौरा, इस दिन करेंगी दो सभाएं

Priyanka Gandhi Bihar visit

Priyanka Gandhi Bihar visit

पटना | Bihar Election 2025: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी अपनी पहली वोटर अधिकार यात्रा के बाद अब दूसरी बार बिहार आ रही हैं। वह 28 सितंबर को राज्य का दौरा करेंगी और इस दिन दो अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगी। हालांकि अभी इन सभाओं के स्थान का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

महागठबंधन के नेताओं की होगी मौजूदगी

प्रियंका गांधी की सभाओं में महागठबंधन के अन्य घटक दलों के बड़े नेता भी मंच साझा करेंगे। इससे पहले प्रियंका गांधी 26 अगस्त को राहुल गांधी के साथ वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा था।

बीजेपी पर किया था तीखा हमला

पिछले दौरे में प्रियंका ने कहा था कि “जिस पार्टी ने लोगों का विश्वास खो दिया है, वह वोट चोरी के जरिए सत्ता में बने रहना चाहती है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के नाम पर लाखों लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित किया गया है। गरीबों का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे।”

तेजस्वी यादव भी निकालेंगे बिहार अधिकार यात्रा

इसी बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी अपनी बिहार अधिकार यात्रा शुरू कर रहे हैं। यह यात्रा 16 सितंबर से 20 सितंबर तक चलेगी, जो जहानाबाद से शुरू होकर वैशाली में समाप्त होगी। यह नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और समस्तीपुर जिलों से होकर गुजरेगी।

पांच दिन की इस यात्रा का उद्देश्य जनता से सीधा संवाद करना और बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और मतदाता अधिकार जैसे अहम मुद्दों पर जनमत तैयार करना है।

Youthwings