छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामला: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
छत्तीसगढ़
रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को शनिवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। यह पेशी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पांच दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद हुई। कोर्ट ने चैतन्य को अब 6 सितंबर तक के लिए 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है।
बीते पांच दिनों में ईडी ने शराब घोटाले और मनी-लॉन्ड्रिंग से जुड़े नए तथ्यों के आधार पर चैतन्य बघेल से पूछताछ की थी। 19 अगस्त को स्पेशल कोर्ट ने ईडी की मांग पर उन्हें पांच दिन की हिरासत में भेजा था, जिसमें एजेंसी ने कोर्ट को बताया था कि जांच में कई नए तथ्य सामने आए हैं और पूछताछ जरूरी है।
इससे पहले, 18 अगस्त को चैतन्य बघेल की पहली 14 दिन की न्यायिक रिमांड पूरी होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। तब उन्हें एक दिन की रिमांड पर जेल भेजा गया था, जिसके बाद ईडी ने दोबारा कस्टडी की मांग की थी।
