भूपेश बघेल का बड़ा बयान : बोले- ‘भाजपा से लड़ाई के लिए हमें अमित जोगी जैसे लोगों की ज़रूरत नहीं ‘
रायपुर: छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। जोगी कांग्रेस नेता अमित जोगी के उस वक्तव्य पर, जिसमें उन्होंने भाजपा को हराने के लिए कांग्रेसियों के एकजुट होने की अपील की थी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ा पलटवार किया है। बघेल ने साफ कहा कि भाजपा से लड़ाई के लिए कांग्रेस को अपने सभी कार्यकर्ताओं की ज़रूरत है, लेकिन अमित जोगी जैसे लोगों की नहीं।
धान खरीदी पर सरकार को घेरा:
बघेल ने राज्य में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसानों का नाम सूची से काट दिया जा रहा है, जिससे उनका धान खरीदा ही नहीं जा पा रहा। सर्वर लगातार डाउन रहने से टोकन जारी नहीं हो रहे और BLO भारी मुश्किलों के बीच फॉर्म इकट्ठा कर रहे हैं। तकनीकी खामियों का आलम यह है कि तीन घंटों में मुश्किल से आठ फॉर्म जमा हो पा रहे हैं। बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के गुंडे किसानों पर दबाव बनाकर नाम जुड़वाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे BLO भी दबाव में काम करने को मजबूर हैं।
चुनाव आयोग पर ‘केचुआ’ टिप्पणी:
केंद्रीय चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए बघेल ने ‘केचुआ’ टिप्पणी की और कहा कि आज तक सांप-बिच्छू के डसने से मौतें सुनी थीं, लेकिन अब “केचुआ काटने” की मौत की कहानी भी सुननी पड़ रही है—केंचुआ यानी केंद्रीय चुनाव आयोग। वहीं रोहिंग्या और बांग्लादेशियों पर सरकार के दावे को उन्होंने सिर्फ राजनीतिक शोषण बताया और कहा कि सरकार के पास आज तक कोई स्पष्ट आंकड़ा नहीं है।
अडानी-अंबानी को फायदा पहुँचाने का आरोप
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के दौरों पर भी उन्होंने तंज कसा। बघेल का कहना है कि हर दौरे के पीछे मकसद अडानी-अंबानी के हितों को साधना है। मुख्यमंत्री की तारीफ़ भी इसी वजह से की जाती है—ताकि छत्तीसगढ़ की खदानें और ज़मीनें आसानी से उद्योगपतियों को सौंपी जा सकें।
जमीन गाइडलाइन पर BJP को घेरा:
जमीन गाइडलाइन और व्यापारी वर्ग के विरोध पर बोलते हुए बघेल ने भाजपा पर तुगलकी आदेश लागू करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दुर्ग में व्यापारी वर्ग ने ऐसा बड़ा विरोध पहले कभी नहीं किया। कलेक्टर द्वारा गाइडलाइन कम करने से जमीन का व्यवसाय करने वालों को बेहतरीन फायदा मिलेगा। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी जमीन की असली कीमत 10 लाख है और उसे 2 करोड़ दिखा दिया जाए, तो उसी के आधार पर बैंक से भारी भरकम लोन लिया जा सकता है।
