भूपेश बघेल ने लगाया शराब घोटाले का आरोप, वीडियो शेयर कर सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार पर शराब घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बीयर कैन पर लगा “7 Hills” ब्रांड का स्टिकर हटाते हुए दिखाई देता है, जिसके अंदर “Golden Bird” ब्रांड की बीयर निकलती है। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित बीयर एक्सपायर हो चुकी थी।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “भाजपा का शराब सिंडिकेट एक्सपोज़्ड।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सिंडिकेट बनाकर शराब घोटाला किया जा रहा है और सस्ती बीयर पर महंगी बीयर का स्टिकर लगाकर उसे दुकानों में बेचा जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शुरुआत राजनांदगांव से सामने आई है, जहां लंबे समय तक विजय शर्मा प्रभारी मंत्री रहे हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि शराब के ब्रांड बदलकर करोड़ों रुपये का खेल किया जा रहा है और इसके पीछे कमीशन, सेटिंग और संरक्षण का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।

 

बघेल ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की चुप्पी इस पूरे मामले पर कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इस मामले से जुड़े और भी खुलासे सामने आ सकते हैं।

 

वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि खरीदी गई बीयर की केन पर एक्सपायरी डेट को मिटा दिया गया था। वीडियो में दिख रहा व्यक्ति बताता है कि उसने कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। जब कैन पर लगा स्टिकर हटाया गया तो अंदर की बीयर एक्सपायर बताई गई।

Youthwings