भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: ब्लास्ट फर्नेस-8 में वेस्ट कैचर में अचानक हुआ धमाका
भिलाई स्टील प्लांट
भिलाई | भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में शनिवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ। ब्लास्ट फर्नेस नंबर-8 में स्थित वेस्ट कैचर में अचानक विस्फोट हो गया, जिसके चलते भीषण आग लग गई। इस घटना से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए।
दमकल टीम ने दो घंटे में पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही BSP की दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। सौभाग्य से, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इससे उत्पादन और सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर उठे हैं।
फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं, तकनीकी टीम कर रही जांच
BSP प्रबंधन ने हादसे के बाद तत्काल आंतरिक जांच के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह घटना तकनीकी खामी या दबाव अधिक होने के कारण हो सकती है, लेकिन पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान
स्थानीय कर्मचारियों ने समय पर साहस और सूझबूझ दिखाते हुए आग को फैलने से रोका, जिससे एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया। कर्मियों ने बताया कि यदि कुछ मिनटों की भी देर होती, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।
पिछले महीने भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी भिलाई स्टील प्लांट में एक गंभीर हादसा हुआ था। कोक ओवन विभाग में बैटरी नंबर 5 और 6 के बीच स्थित गैलरी नंबर 38 अचानक भरभराकर गिर गई थी, जिससे पूरा स्ट्रक्चर जमींदोज हो गया था। इस हादसे के चलते कोक ओवन उत्पादन पर सीधा असर पड़ा था।
