भाठागांव की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत: एक साल में सिर्फ 20% हुआ काम , कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
रायपुर: भाठागांव इलाके में जर्जर सड़कों और धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सड़क मरम्मत में हो रही भारी देरी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय उपवास रखकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में सड़क निर्माण का केवल 20 प्रतिशत ही काम पूरा हो पाया है, जबकि प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लापरवाही और जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन किया।
READ MORE : बिरनपुर हिंसा मामला: बेमेतरा कोर्ट का बड़ा फैसला, हत्या के सभी 17 आरोपी बरी
