बेमेतरा में शिक्षिकाओं का सफाया: स्वामी आत्मानंद स्कूल से 7 शिक्षिकाओं और 4 आयाओं की सेवाएं समाप्त

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्री-प्राइमरी कक्षाओं को संचालित करने वाली 7 शिक्षिकाओं और 4 आयाओं को रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय बुलाकर सेवा समाप्ति का आदेश सौंप दिया गया। इस दौरान कार्यालय में एक शिक्षिका बेहोश भी हो गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, ये शिक्षिकाएं और आयाएं 2022-23 सत्र में नियुक्त की गई थीं, जिनका वेतन खनिज न्यास कोष से किया जाता था। कई महीनों से अधिक समय से इन्हें वेतन नहीं मिला था। उन्होंने इसके लिए बार-बार आवेदन दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को छुट्टी के दिन अचानक इन्हें डीईओ कार्यालय बुलाया गया और सेवा समाप्ति का आदेश थमा दिया गया। डीईओ के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि खनिज न्यास और अन्य स्रोतों से भुगतान संभव न होने के कारण यह कदम उठाया गया है।

डीईओ ने सफाई देते हुए कहा कि ये कर्मचारी नियमित नहीं हैं और इनके जाने से बच्चों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि बच्चों के लिए नए शिक्षकों की जल्द व्यवस्था की जाएगी तथा रुका हुआ वेतन शीघ्र भुगतान किया जाएगा। हालांकि, बेमेतरा जिले में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। इनकी सेवाएं समाप्त होने से प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। सवाल यह उठता है कि बिना पर्याप्त शिक्षकों के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? स्थानीय स्तर पर इस फैसले की आलोचना हो रही है, और प्रभावित शिक्षिकाओं ने न्याय की गुहार लगाई है।

Youthwings