बस्तर ओलंपिक की धमाकेदार शुरुआत: मैरी कॉम की मौजूदगी से खिलाड़ियों में जोश, सीएम साय बोले— “बस्तर बदल रहा है”
बस्तर ओलंपिक
बस्तर: बस्तर ओलंपिक की शुरुआत गुरुवार को अद्भुत उत्साह और ऊर्जा के साथ हुई। इस वर्ष के शुभारंभ समारोह को विशेष बना दिया भारत की अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाज और ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मैरी कॉम ने, जो प्रियदर्शिनी स्टेडियम पहुंचीं। उनके आगमन के साथ ही मैदान में मौजूद हजारों खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश उमड़ पड़ा। मैरी कॉम ने एक-एक खिलाड़ी से मुलाकात की, उनके जज़्बे की सराहना की और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने किया बस्तर ओलंपिक का उद्घाटन:
उधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर ओलंपिक का औपचारिक उद्घाटन किया। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर मीडिया बातचीत में उन्होंने कहा कि बस्तर के लिए यह अनोखा खेल आयोजन अब एक पहचान बन चुका है। सीएम साय ने बताया कि पिछले वर्ष 1.65 लाख खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल हुए थे, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार तक पहुँच गई है— एक ऐसा रिकॉर्ड जो बस्तर की खेल संस्कृति और बदलते सामाजिक माहौल को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आंकड़ा सिर्फ खेलों की लोकप्रियता नहीं बताता, बल्कि यह भी दिखाता है कि बस्तर का समाज अब पूरी मजबूती से सकारात्मक परिवर्तन की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों में उमड़ रही भीड़ यह साबित करती है कि बस्तर के युवा नक्सलवाद की छाया से बाहर निकलकर शांति, विकास और प्रगति की दिशा में एक नया कदम बढ़ा रहे हैं।

मैरी कॉम ने बस्तर के ट्राइबल युवाओं की तारीफ की:
मैरी कॉम ने भी बस्तर के ट्राइबल युवाओं की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आदिवासी युवाओं को खेलों से जोड़ना एक शानदार पहल है। उन्होंने कहा कि ट्राइबल खिलाड़ी किसी भी मंच पर पीछे नहीं हैं और आने वाले समय में वे देश ही नहीं, दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगे। मैरी कॉम ने अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वे भी एक गरीब परिवार से आती हैं, जहां सुविधाओं का अभाव था, लेकिन खेल ने उनका जीवन बदल दिया। उनका संदेश था— “जुनून, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ कोई भी खिलाड़ी ऊँचाइयाँ छू सकता है।”
READ MORE : साय कैबिनेट के फैसले : आत्मसमर्पित नक्सलियों पर दर्ज मुकदमे होंगे खत्म, विनियोग विधेयक को मंजूरी…
“नया बस्तर” नजर आ रहा है: मैरी कॉम
बस्तर की बदलती तस्वीर पर बोलते हुए मैरी कॉम ने कहा कि उन्हें यहां एक “नया बस्तर” नजर आ रहा है, जहां विकास की रफ्तार साफ दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि वे अवसर मिलने पर भारत के नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात भी जरूर देखना चाहेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीएम विष्णुदेव साय का जनजातीय समुदाय से होना बस्तर के लिए सौभाग्य है, क्योंकि वे आदिवासी अंचल के संपूर्ण विकास के लिए गंभीरता से काम कर रहे हैं।
मैरी कॉम ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में बस्तर के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक में हिस्सा लेकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उनके अनुसार, सीमित साधन खिलाड़ी के विकास में बाधा नहीं होते, बल्कि जज्बा और मेहनत ही असली सफलता का रास्ता बनाते हैं।
समापन समारोह में शामिल होंगे गृह मंत्री शाह :
इस बीच, बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी तय कर लिया गया है। वे शुक्रवार रात 10 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम के बाद शनिवार दोपहर जगदलपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे दोपहर 2:45 से 4:45 बजे तक समारोह में शामिल रहेंगे। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद वे जगदलपुर से सीधे दिल्ली लौटेंगे।
