बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026: 68 विदेशी धावकों के साथ दौड़ेंगे आत्मसमर्पित नक्सली

बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026

बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026

बस्तर। बस्तर की धरती एक बार फिर अपनी पहचान देश-दुनिया के सामने मजबूत करने जा रही है। 22 मार्च को आयोजित होने वाली ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ इस बार सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और सामाजिक बदलाव का बड़ा मंच बनकर उभर रही है। खास बात यह है कि इस मैराथन में बड़ी संख्या में विदेशी धावक भी हिस्सा लेने जा रहे हैं, जिससे बस्तर की यह दौड़ अब वैश्विक पहचान हासिल करती दिख रही है।

5 हजार से ज्यादा पंजीकरण, 68 विदेशी धावक शामिल

इस वर्ष मैराथन को लेकर धावकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 5 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं, जिनमें 68 विदेशी धावकों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र है। लंबी दूरी की दौड़ में अपनी खास पहचान रखने वाले इथोपिया के 42 और केन्या के 26 अनुभवी एथलीट इस आयोजन में शामिल होंगे। इन अंतरराष्ट्रीय धावकों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक, प्रतिस्पर्धी और प्रतिष्ठित बना दिया है।

लालबाग से चित्रकोट तक दौड़ेगी फुल मैराथन

इस खेल महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 42 किलोमीटर की फुल मैराथन होगी। यह दौड़ जगदलपुर के लालबाग मैदान से शुरू होकर विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर समाप्त होगी। प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व से भरपूर इस रूट पर धावकों को दौड़ते देखना अपने आप में खास अनुभव होगा। यही वजह है कि यह आयोजन खेल के साथ-साथ बस्तर पर्यटन के लिए भी बड़ी संभावनाएं लेकर आ रहा है।

बस्तर की नई पहचान दुनिया के सामने आएगी

बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने विदेशी मेहमानों और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले प्रतिभागियों का स्वागत किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन के जरिए इस ऐतिहासिक मैराथन का हिस्सा बनें। उनका कहना है कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देगा, बल्कि विश्व पटल पर बस्तर की शांतिप्रिय, साहसी और सकारात्मक छवि को भी मजबूती से सामने लाएगा।

पुनर्वासित युवाओं की भागीदारी बनेगी प्रेरणा

इस मैराथन की एक और खास बात सुकमा जिले के 30 पुनर्वासित युवाओं की भागीदारी है। ये वे युवा हैं, जो नक्सल पुनर्वास केंद्र से जुड़े हैं और अब मुख्यधारा की ओर नई शुरुआत कर रहे हैं। इन युवाओं का इस मैराथन में हिस्सा लेना केवल खेल में भागीदारी नहीं, बल्कि जीवन में बदलाव, उम्मीद और नए रास्ते की मजबूत मिसाल है।

read more : बस्तर में Mission 2026 का एंड गेम में अब टॉप 10 नक्सली निशाने पर,समझिए अब तक का पूरा ऑपरेशन कब और कैसे आगे बढ़ा

Youthwings