Bangladesh Violence: मुसलमानों ने ही मुसलमानों पर किया हमला, जलाई गई दरगाहें
Bangladesh Violence: शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद हिंसा से जूझ रहे बांग्लादेश में अब सूफी दरगाहें भी कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं। गुरुवार देर रात कुमिला जिले के होमन उपजिले में उपद्रवियों ने तीन प्रमुख दरगाहों—कफिल उद्दीन शाह, हवेली शाह और अब्दु शाह—में आग लगा दी। इस आगजनी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 22 लोग घायल हुए हैं।
मस्जिद से ऐलान के बाद मची अफरातफरी
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दरगाहों को फूंकने के लिए लोगों को मस्जिद से माइक पर बुलाया गया। पहले तोड़फोड़ हुई और फिर देखते ही देखते तीनों दरगाहों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे इलाके में हालात काबू में हैं और जांच जारी है।
फेसबुक पोस्ट से भड़की हिंसा
बांग्लादेश पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले कफिल उद्दीन शाह के पोते मोहसीन ने फेसबुक पर इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इस पर मोहसीन को गिरफ्तार भी किया गया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी तनाव कम नहीं हुआ। मस्जिद से की गई घोषणा के बाद गुस्साई भीड़ ने मोहसीन के घर के साथ-साथ तीनों सूफी दरगाहों को आग के हवाले कर दिया।
सूफी परंपरा से जुड़े थे ये दरगाह
कफिल उद्दीन शाह, हवेली शाह और अब्दु शाह को बांग्लादेश की सूफी परंपरा में सम्मानित संत माना जाता है। कहा जाता है कि अपने समय में ये संत इस्लाम के भीतर एक अलग आध्यात्मिक संप्रदाय को बढ़ावा देते थे। उनकी मृत्यु के बाद कुमिला में ही उनकी दरगाहें बनाई गईं, जहां अब भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
लगातार धार्मिक स्थल बन रहे निशाना
ब्रिटेन सरकार की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2024 से दिसंबर 2024 के बीच बांग्लादेश में 133 पूजा स्थलों पर हमले हुए हैं, जिनमें अधिकांश हिंदू मंदिर थे। इसके अलावा 100 से अधिक सूफी दरगाहों को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं।
