दुष्कर्म के आरोपी ने जमानत पर छूटते ही की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या, फिर लगाई फांसी
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव में दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद विचाराधीन कैदी लखन देवांगन (57 वर्ष) ने जमानत पर छूटने के तुरंत बाद आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर वहां कार्यरत 54 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने उसी आंगनबाड़ी केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, लखन देवांगन जमानत पर छूटने के बाद सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उसने पहले वहां मौजूद बच्चों को बाहर जाने को कहा और सहायिका को भी केंद्र से बाहर कर दिया। इसके बाद अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उसने उगेश्वरी देवांगन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद लखन देवांगन ने आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद या पुरानी रंजिश को मुख्य वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद फरदफोड़ गांव में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश है कि जमानत पर छूटने के तुरंत बाद आरोपी ने इतनी क्रूर घटना को अंजाम दिया।
